आपातकालीन क्रेडिट लाइन गारंटी योजना (ECLGS) वर्ष 2020 में आत्मनिर्भर भारत पैकेज के तहत शुरू की गई थी। इसका उद्देश्य कोविड-19 संकट से प्रभावित व्यवसायों, विशेष रूप से MSMEs, को अपने व्यवसाय संचालन खर्चों (देयताओं) को पूरा करने और फिर से कार्य शुरू करने में मदद करना था।
- इस योजना के तहत सदस्य ऋणदाता संस्थानों (MLIs) को कर्जदारों द्वारा ECLGS के तहत लिए गए ऋण की अदायगी न होने की स्थिति में होने वाले नुकसान पर 100% गारंटी प्रदान की जाती है।
- यह योजना केन्द्रीय वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवा विभाग (DFS) के परिचालन अधिकार क्षेत्र में आती है।
- नेशनल क्रेडिट गारंटी ट्रस्टी कंपनी लिमिटेड (NCGTC) को इन ऋणों के प्रबंधन और गारंटी प्रदान करने हेतु स्थापित किया गया है।
ECLGS 5.0 की मुख्य विशेषताएं
- उद्देश्य: पश्चिम एशिया संकट के कारण उत्पन्न अल्पकालिक नकदी (लिक्विडिटी) की कमी से निपटने के लिए पात्र कर्जदारों को दिए गए अतिरिक्त ऋण की डिफॉल्ट राशि पर, NCGTC द्वारा सदस्य ऋण संस्थानों (MLIs) को गारंटी कवरेज प्रदान करना।
- पात्र कर्जदार:
- MSMEs और गैर-MSMEs जिनके पास वर्तमान कार्यशील पूंजी सीमाएं हैं;
- अनुसूचित यात्री एयरलाइंस, जिनकी 31 मार्च 2026 तक बकाया क्रेडिट सुविधाएं हैं, बशर्ते उनके खाते मानक (standard) श्रेणी में हों, यानी क्रेडिट इतिहास सही हो।
- गारंटी कवरेज:
- MSMEs के लिए 100%;
- गैर-MSMEs के साथ-साथ एयरलाइन क्षेत्रक के लिए 90%।
- ऋण की अवधि:
- MSMEs/गैर-MSMEs के लिए 5 वर्ष (1 वर्ष के मोरेटोरियम सहित)।
- एयरलाइन क्षेत्रक के लिए 7 वर्ष (2 वर्ष के मोरेटोरियम सहित)।