भारत के औद्योगिक उत्पादन की वृद्धि दर नवंबर 2025 में 25 महीने के उच्चतम स्तर (6.7 प्रतिशत) पर पहुंच गई है। इस वृद्धि दर का औद्योगिक उत्पादन सूचकांक (IIP) द्वारा मापन किया जाता है।
औद्योगिक उत्पादन सूचकांक (IIP) के बारे में
- प्रकाशनकर्ता: इसे सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (MoSPI) प्रतिमाह जारी करता है।
- उद्देश्य: यह एक संकेतक है, जो अर्थव्यवस्था में औद्योगिक उत्पादों के उत्पादन की मात्रा में होने वाले अल्पकालिक परिवर्तनों को मापता है।
- आधार वर्ष: IIP की गणना के लिए वर्तमान आधार वर्ष 2011-12 है।
- शामिल क्षेत्रक: IIP में मुख्य रूप से तीन व्यापक क्षेत्रकों को शामिल किया गया है। ये हैं -
- विनिर्माण: 77.6% भारांश;
- खनन: 14.4% भारांश; तथा
- विद्युत: 8.0% भारांश।
एक अध्ययन के अनुसार, अल्टरनेट वेटिंग एंड ड्राइंग (बारी-बारी से गीला करना और सुखाना/ Alternate Wetting and Drying: AWD) तकनीक चावल के उत्पादन में उच्च पैदावार बनाए रखती है। साथ ही, जल उत्पादकता बढ़ाने और मीथेन उत्सर्जन को कम करने में भी योगदान देती है।
धान की खेती में AWD
- परिचय: यह जल प्रबंधन की एक तकनीक है। इसका सिंचित निचले इलाकों में बहुत कम जल के साथ धान की खेती करने के लिए उपयोग किया जाता है।
- कार्यप्रणाली: सामान्यतः धान के खेतों को निरंतर जल से भरकर रखा जाता है, लेकिन AWD तकनीक में खेतों में दोबारा पानी भरने से पहले उन्हें समय-समय पर सुखाया जाता है।
AWD ग्रीनहाउस गैस (GHG) उत्सर्जन को कैसे कम करता है?
- मीथेन का उत्पादन: धान के गीले खेतों की मृदा में मीथेन का निर्माण तब होता है, जब खेतों में जल भरने के बाद जैविक पदार्थों का अवायवीय अपघटन (Anaerobic Decomposition) होता है।
- उत्सर्जन पर रोक: खेत से जल निकालने पर कुछ समय के लिए जलभराव वाली अवायवीय स्थिति समाप्त हो जाती है। इससे मीथेन का सृजन रुक जाता है।
मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में JIVA कार्यक्रम के माध्यम से किसान-नेतृत्व वाली प्राकृतिक कृषि फसल के नुकसान, मृदा के क्षरण और संकटपूर्ण पलायन (Distress Migration) की समस्या को दूर कर रही है।
जॉइंट इनिशिएटिव फॉर विलेज एडवांसमेंट (JIVA) कार्यक्रम के बारे में
- शुरुआत: इसे राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (NABARD) ने 2022 में आरंभ किया था। इसे NABARD ने अपने मौजूदा 'वॉटरशेड' (जलसंभर) और 'वाडी' कार्यक्रमों के तहत शुरू किया था।
- उद्देश्य: कृषि-पारिस्थितिकी (Agroecology) के सिद्धांतों का उपयोग करके दीर्घकालिक संधारणीयता सुनिश्चित करना। साथ ही, पहले से मौजूद सामाजिक एवं प्राकृतिक पूंजी को रूपांतरित करना तथा किसान समुदाय को प्राकृतिक कृषि की ओर प्रोत्साहित करना है।
प्रधान मंत्री ने दोहा में आयोजित 2025 फिडे (FIDE) रैपिड शतरंज चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने पर भारतीय ग्रैंडमास्टर कोनेरू हम्पी और अर्जुन एरिगैसी को बधाई दी।
- अंतर्राष्ट्रीय शतरंज महासंघ (FIDE): यह शतरंज के खेल का शासी निकाय है। इसका मुख्यालय लुसाने (स्विट्जरलैंड) में स्थित है।
अन्य संबंधित तथ्य
- ग्रैंडमास्टर अर्जुन एरिगैसी ने इस प्रतिस्पर्धा में अपना पहला (Maiden) कांस्य पदक जीता है।
- वे महान खिलाड़ी ग्रैंडमास्टर विश्वनाथन आनंद के बाद पोडियम फिनिश पर स्थान हासिल करने वाले दूसरे भारतीय पुरुष खिलाड़ी बन गए हैं।
- पोडियम फिनिश यानी शीर्ष तीन पदक (स्वर्ण, रजत व कांस्य) जीतने वाले खिलाड़ियों में शामिल होना।
Article Sources
3 sourcesमहाक्राइमओएस एआई (MahaCrimeOS AI) माइक्रोसॉफ्ट के सहयोग से निर्मित है। यह एक पूर्वानुमान लगाने वाला कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) उपकरण है। यह महाराष्ट्र पुलिस को जांच में सहायता प्रदान कर रहा है।
महाक्राइमओएस एआई के बारे में:
- यह माइक्रोसॉफ्ट एज़्योर ओपन एआई सर्विस और माइक्रोसॉफ्ट फाउंड्री पर आधारित है।
- इसमें एआई सहायकों (AI assistants) को एकीकृत किया गया है। इसमें स्वचालित कार्यप्रवाह (Automated workflows) शामिल है। इसका अर्थ है कि पुलिस की जांच से जुड़े कई दोहराव वाले कार्य (जैसे डेटा एंट्री या फाइलिंग) अब सॉफ्टवेयर द्वारा स्वत: किए जा सकते हैं। यह क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर का उपयोग करता है।
- इसमें एकीकृत AI RAG (रिट्रीवल-ऑगमेंटेड जेनरेशन) और ओपन-सोर्स इंटेलिजेंस के माध्यम से भारत के आपराधिक कानूनों तक सीधी पहुंच उपलब्ध है।
- यह जांचकर्ताओं को अलग-अलग मामलों के बीच संबंध जोड़ने, डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण करने और खतरों के खिलाफ तेजी से व प्रभावी ढंग से प्रतिक्रिया करने में मदद करता है।
- यह उपकरण वास्तविक समय (Real-time) में "संदिग्धों की प्रोफाइलिंग" करने में सक्षम है।
रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) ने पिनाका लंबी दूरी के निर्देशित रॉकेट (LRGR) का पहला सफल उड़ान परीक्षण पूरा किया।
- इस रॉकेट का परीक्षण 120 किलोमीटर की इसकी अधिकतम सीमा (रेंज) के लिए किया गया था।
पिनाका हथियार प्रणाली के बारे में
- यह एक मल्टी-बैरल रॉकेट लॉन्चर (MBRL) प्रणाली है। इसका उपयोग निम्नलिखित उद्देश्यों के लिए किया जाता है:
- लंबी दूरी की आर्टिलरी बमबारी; तथा
- निकटता से युद्ध से पूर्व शत्रु की स्थिति को कमजोर करना।
- इसे आयुध अनुसंधान एवं विकास प्रतिष्ठान (ARDE) ने उच्च ऊर्जा सामग्री अनुसंधान प्रयोगशाला (HEMRL) के सहयोग से डिजाइन किया है।
- इस परियोजना को रक्षा अनुसंधान एवं विकास प्रयोगशाला (DRDL) और रिसर्च सेंटर इमारत (RCI) के सहयोग से विकसित किया गया है।
Article Sources
1 sourceभारत के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार ने राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी तत्परता मूल्यांकन फ्रेमवर्क (NTRAF) का मसौदा प्रस्तुत किया। इसके माध्यम से भारत में नवाचार के आकलन को मानकीकृत किया जाएगा।
NTRAF के बारे में
- उद्देश्य: राष्ट्रीय मिशनों के तहत शुरू किए गए विभिन्न अनुसंधान एवं विकास (R&D) कोषों के लिए एक मुख्य परिचालन आधार के रूप में कार्य करना।
- यह फ्रेमवर्क वित्त-पोषण करने वाली एजेंसियों को संसाधनों को अधिक सटीकता के साथ आवंटित करने और निजी निवेश के लिए प्रारंभिक चरण की तकनीकों के जोखिम को कम करने में सक्षम बनाएगा।
- यह परियोजनाओं के मूल्यांकन के लिए एक मजबूत पद्धति प्रदान करता है-
- इसमें प्रूफ ऑफ कॉन्सेप्ट (TRL 1-3) से लेकर प्रोटोटाइप विकास (TRL 4-6) तथा बाजार/ परिचालनात्मक तत्परता (TRL 7-9) शामिल हैं।
- यह विकास के प्रत्येक चरण के लिए गुणात्मक अनुमान के स्थान पर एक संरचित और साक्ष्य-आधारित चेकलिस्ट को लागू करता है।
- यह परियोजना अन्वेषकों को अपनी वास्तविक स्थिति का आकलन करने और वित्त-पोषण प्राप्त करने से पहले तकनीकी कमियों की पहचान करने हेतु सशक्त बनाता है।
Article Sources
1 sourceफ्रीक्वेंसी कॉम्ब (Frequency Comb) एक विशेष प्रकार का लेजर है। यह प्रकाश के कई रंगों (आवृत्तियों) को उत्पन्न करता है। ये रंग एक-दूसरे से समान दूरी पर होते हैं, ठीक उसी तरह जैसे किसी कंघी (Comb) के दांत होते हैं।
- इसे अक्सर मोड-लॉक्ड लेजर (Mode-locked laser) का उपयोग करके बनाया जाता है, जो प्रकाश की बहुत तीव्र और नियमित स्पंद (Pulses) उत्सर्जित करता है।
- मुख्य उपयोग:
- परमाणु घड़ियों के अंशांकन (Calibration) में;
- सटीक स्पेक्ट्रोस्कोपी के लिए; तथा
- गुरुत्वाकर्षण के कारण प्रकाश में होने वाले सूक्ष्म बदलावों को मापने के लिए।