प्रवर्तन निदेशालय (ED) की वार्षिक रिपोर्ट के तहत, पिछले सात वर्षों में 21 लोगों को भगोड़ा आर्थिक अपराधी (Fugitive Economic Offenders: FEOs) घोषित किया गया है।
भगोड़ा आर्थिक अपराधी (FEO) के बारे में:
- अर्थ: भगोड़ा आर्थिक अपराधी वह व्यक्ति होता है जिसके खिलाफ ₹100 करोड़ से अधिक के निर्धारित आर्थिक अपराध के लिए गिरफ्तारी वारंट जारी हो चुका हो, और जो मुकदमे से बचने के लिए भारत छोड़कर चला गया हो या वापस आने से इनकार करता हो।
- इसे भगोड़ा आर्थिक अपराधी अधिनियम, 2018 के तहत परिभाषित किया गया है।
- इस अधिनियम के तहत सूचीबद्ध कुछ अपराध इस प्रकार हैं:
- सरकारी स्टाम्प या मुद्रा की जालसाजी,
- चेक बाउंस,
- मनी लॉन्ड्रिंग,
- लेन-देन में धोखाधड़ी, जिससे ऋणदाताओं को नुकसान हो।
एशियाई विकास बैंक ने एशिया-प्रशांत क्षेत्र में ऊर्जा, डिजिटल अवसंरचना के लिए 70 बिलियन डॉलर की योजना शुरू की।
- इसमें संपूर्ण एशिया पावर ग्रिड पहल और एशिया-प्रशांत डिजिटल हाईवे शामिल हैं, जो अर्थव्यवस्थाओं को ऊर्जा और प्रौद्योगिकी के माध्यम से जोड़ते हैं।
एशियाई विकास बैंक (ADB) के बारे में
- परिचय: यह एक बहुपक्षीय विकास बैंक है जो पूरे एशिया-प्रशांत क्षेत्र में सतत, समावेशी और लचीले विकास का समर्थन करता है।
- वर्तमान सदस्य: 1966 में ADB की स्थापना के समय इसके 31 सदस्य थे जो बाद में बढ़कर 69 सदस्य हो गए। इनमें से 50 एशिया और प्रशांत क्षेत्र से हैं और 19 इस क्षेत्र के बाहर से हैं।
- प्रमुख शेयरधारक: जापान और संयुक्त राज्य अमेरिका (प्रत्येक की 15.6% शेयरधारिता), चीन, भारत और ऑस्ट्रेलिया। (31 दिसंबर 2024 तक)
- मुख्यालय: मनीला (फिलीपींस)।
नेपाल ने भारत द्वारा कैलाश मानसरोवर यात्रा को लिपुलेख दर्रे के रास्ते फिर से शुरू करने पर आपत्ति जताई है। नेपाल का कहना है कि यह क्षेत्र 1816 की सुगौली संधि के आधार पर उसका हिस्सा है।
- वहीं, भारत ने इन दावों को अनुचित और ऐतिहासिक रूप से गलत बताया है और कहा है कि लिपुलेख पास लंबे समय से कैलाश मानसरोवर यात्रा का पारंपरिक मार्ग रहा है।
लिपुलेख दर्रे के बारे में:
- अवस्थिति: यह उत्तराखंड के कुमाऊं क्षेत्र में भारत, नेपाल और चीन के त्रिकोणीय जंक्शन के निकट स्थित एक उच्च तुंगता वाला पहाड़ी दर्रा है।
- संपर्क: यह भारतीय राज्य उत्तराखंड को चीन के तिब्बत क्षेत्र से जोड़ता है।
- ऊंचाई: यह लगभग 5,334 मीटर (17,500 फीट) की ऊंचाई पर स्थित है।
विदेश मंत्री ने जमैका, सूरीनाम, त्रिनिदाद और टोबैगो की आधिकारिक यात्रा की शुरुआत की।
- गिरमिटिया समुदायों के कारण इन देशों का भारत के साथ एक विशेष संबंध है।
गिरमिटिया के बारे में
- गिरमिटिया भारतीय बंधुआ मजदूर थे जो 19वीं सदी के मध्य से लेकर अंत तक ब्रिटिश उपनिवेशों में कार्य के लिए चले गए थे।
- उन्होंने 1833 के ब्रिटिश दासता उन्मूलन अधिनियम के कारण श्रमिकों की हुई कमी को पूरा किया।
- 'गिरमिट' शब्द एग्रीमेंट का अपभ्रंश है, जो उनके प्रवास के अनुबंध को दर्शाता है।
- प्रवास क्षेत्र: मॉरीशस, फिजी, वेस्ट इंडीज, मॉरीशस, दक्षिण अफ्रीका, कैरेबियन (अधिकांशतया त्रिनिदाद और टोबैगो, गुयाना, सूरीनाम और जमैका में)।
- प्रवास के मूल स्रोत: अधिकांशतया पूर्वी संयुक्त प्रांत (वर्तमान उत्तर प्रदेश) और बिहार से।
- महत्व: द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करना, सॉफ्ट पावर कूटनीति को बढ़ावा देना, आदि।
Article Sources
2 sourcesसंचार मंत्रालय ने सेल ब्रॉडकास्ट सिस्टम (CBS) की शुरुआत की।
CBS के बारे में
- यह दूरसंचार-आधारित लोक चेतावनी प्रणाली है। यह संस्थाओं को एक निर्धारित क्षेत्र के भीतर मोबाइल उपकरणों के जरिए एक साथ, भू-लक्षित अलर्ट प्रसारित करने में सक्षम बनाती है।
- यह कॉमन एलर्टिंग प्रोटोकॉल (CAP)-आधारित सचेत (SACHET) प्लेटफॉर्म के साथ एकीकृत है।
- यह राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) और केंद्रीय गृह मंत्रालय (MHA) के सहयोग से सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ टेलीमैटिक्स (C-DOT) द्वारा विकसित एक स्वदेशी तकनीक है।
- C-DOT, दूरसंचार विभाग (DoT) के तहत कार्य करता है।
- यह पारंपरिक SMS-आधारित प्रणालियों की तुलना में अधिक प्रभावी है। इससे यह सुनिश्चित होता है कि लक्षित क्षेत्रों के भीतर बड़ी आबादी तक महत्वपूर्ण सूचना को शीघ्रता और कुशलता से प्रसारित की जा सके।
भारतीय थल सेना की एक टुकड़ी भारत-कंबोडिया द्विपक्षीय सैन्य अभ्यास के दूसरे संस्करण (CINBAX-II) के लिए कंबोडिया रवाना हुई।
CINBAX अभ्यास के बारे में
- परिचय: यह भारतीय थल सेना का रॉयल कंबोडियाई सेना के साथ संयुक्त सैन्य अभ्यास है।
- उद्देश्य: दोनों देशों की सेनाओं के बीच अंतर-संचालन क्षमता, समन्वय और परिचालन तालमेल को बढ़ावा देना।
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने प्रसून जोशी को प्रसार भारती का नया अध्यक्ष नियुक्त किया।
प्रसार भारती के बारे में
- परिचय: यह एक स्वायत्त सांविधिक निकाय है जो भारत के पब्लिक सर्विस ब्रॉडकास्टर के रूप में कार्य करता है।
- यह घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय कवरेज के लिए दूरदर्शन और आकाशवाणी का संचालन करता है।
- लक्ष्य: लोक हित के मामलों पर बिना किसी पूर्वाग्रह या पक्षपात के निष्पक्ष और संतुलित जानकारी प्रसारित करना।
- मुख्य कवरेज क्षेत्रक: शिक्षा, साक्षरता, कृषि, ग्रामीण विकास, पर्यावरण, स्वास्थ्य और विज्ञान।
Article Sources
1 sourceएम्स (AIIMS) दिल्ली ने भारत का पहला पोर्टेबल बेडसाइड मैग्नेटिक रेजोनेंस इमेजिंग (MRI) प्रणाली प्रस्तुत की।
MRI सिस्टम के बारे में
- MRI एक मेडिकल इमेजिंग तकनीक है। यह किसी व्यक्ति के शरीर के अंगों और ऊतकों की विस्तृत छवियां बनाने के लिए चुंबकीय क्षेत्र (magnetic field) और कंप्यूटर-सृजित रेडियो तरंगों का उपयोग करती है।
- MRI, किसी चिकित्सा पेशेवर के लिए व्यक्ति के अंगों, ऊतकों और कंकाल प्रणाली की जांच करने का एक गैर-शल्यात्मक (non-invasive) तरीका है।
- यह तकनीक शरीर के अंदर की हाई-रिज़ॉल्यूशन वाली छवियां तैयार करती है। इससे विभिन्न प्रकार के रोगों की जांच और उपचार में मदद मिलती है।